आईपीएल के नए संस्करण की शुरुआत में अब से कुछ ही दिन रह गए हैं और सभी टीमों की तरह कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम भी पूरी तरह से तैयारियों में लगी हुई है। इसी कड़ी में टीम आपस में इंट्रा स्क्वॉड मैच खेलकर तैयारी कर रही है। इंडियन प्रीमियर लीग की सबसे प्रमुख टीमों में से एक, कोलकाता नाइट राइडर्स, 11 अप्रैल को एमए चिदंबरम स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अपना पहला आईपीएल मैच खेलेगी।
सोमवार को चेन्नई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए इंट्रा स्क्वॉड मैच में केकेआर के प्रमुख ओपनिंग बल्लेबाज शुभमन गिल ने अपनी शानदार फॉर्म के संकेत दिए और महज 35 गेंदों में 76 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिलाई। गिल ने अपनी इस पारी में 11 चौके और 3 छक्के लगाए। यह मैच टीम पर्पल बनाम टीम गोल्ड के बीच खेला गया था। गिल की शानदार बल्लेबाजी की वजह से टीम गोल्ड ने यह मैच बहुत ही आसानी से जीत लिया। इससे पहले टीम पर्पल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम गोल्ड के सामने 88 रन का लक्ष्य रखा था।
गिल की शानदार बल्लेबाजी से केकेआर का टीम मैनेजमेंट तथा उनके समर्थकों को आईपीएल से पहले बड़ी राहत मिली होगी। टीम के कप्तान इयोन मोर्गन भी गिल की शानदार बल्लेबाजी से काफी खुश दिखे।
हाल ही में दिए गए एक इंटरव्यू में गिल ने स्ट्राइक रेट को उतना महत्वपूर्ण नहीं माना था। उनके इस बयान से कई लोग संतुष्ट नहीं दिखे थे।
कोलकाता नाइट राइडर्स के स्टार बल्लेबाज ने आगामी आईपीएल से पहले एक साक्षात्कार में पीटीआई से कहा,
“मुझे लगता है कि स्ट्राइक-रेट एक तरह से ओवररेटेड है। यह इस बार पर निर्भर करता है कि आप विशेष परिस्थिति में को कैसे अपनाते हो। यदि टीम आपसे 200 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करने की मांग करती है तो फिर आपके अंदर ऐसा करने की काबिलियत होनी चाहिए। यदि टीम आपसे 100 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की मांग करती है तो आपको ऐसा करने में सक्षम होना चाहिए। यह एक तरह से मैच में परिस्थिति के हिसाब से खुद को ढालना है।”
भारत के लिए ऑस्ट्रेलिया दौरे पर डेब्यू करने वाले शुभमन गिल ने उस दौरे पर जबरदस्त बल्लेबाजी की थी और टीम की सीरीज जीत में अहम भूमिका निभाई थी। गिल ने इस दौरे की 6 टेस्ट पारियों में 51.80 की बल्लेबाजी औसत से 259 रन बनाये थे। गिल के टेस्ट करियर पर नजर डालें तो उन्होंने 7 टेस्ट मैचों में 3 अर्धशतकों की मदद से 378 रन बनाए हैं। आईपीएल में शुभमन गिल ने 41 मैचों में 125.20 के स्ट्राइक रेट से 939 रन बनाए हैं और उन्होंने पिछले सीजन में केकेआर के लिए सर्वाधिक 14 मैचों में 440 रन बनाए थे। अपने इस स्टार बल्लेबाज से केकेआर को इस सीजन भी जबरदस्त प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
आइए नजर डालते हैं कोलकाता नाइट राइडर्स के 25 सदस्यों वाले स्क्वॉड पर :
इयोन मोर्गन (कप्तान), शुभमन गिल, नितीश राणा, टिम सेफर्ट (विकेटकीपर), राहुल त्रिपाठी, गुरकीरत सिंह मान, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), आंद्रे रसेल, सुनील नरेन, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, पैट कमिंस, लॉकी फर्ग्यूसन, कमलेश नागरकोटी , शिवम मावी, संदीप वारियर, प्रसिद्ध कृष्णा, शाकिब अल हसन, शेल्डन जैक्सन, वैभव अरोड़ा, करुण नायर, हरभजन सिंह, बेन कटिंग, वेंकटेश अय्यर, पवन नेगी।
केकेआर का पूरा कार्यक्रम
11 अप्रैल, 2021 | SRH vs KKR | 7:30 शाम | चेन्नई |
13 अप्रैल, 2021 | KKR vs MI | 7:30 शाम | चेन्नई |
18 अप्रैल, 2021 | RCB vs KKR | 3:30 दोपहर | चेन्नई |
21 अप्रैल, 2021 | KKR vs CSK | 7:30 शाम | चेन्नई |
24 अप्रैल, 2021 | KKR vs RR | 7:30 शाम | मुंबई |
26 अप्रैल, 2021 | PK vs KKR | 7:30 शाम | अहमदाबाद |
29 अप्रैल, 2021 | DC vs KKR | 7:30 शाम | अहमदाबाद |
3 मई, 2021 | KKR vs RCB | 7:30 शाम | अहमदाबाद |
8 मई, 2021 | KKR vs DC | 3:30 दोपहर | अहमदाबाद |
10 मई, 2021 | MI vs KKR | 7:30 शाम | बेंगलुरु |
12 मई, 2021 | CSK vs KKR | 7:30 शाम | बेंगलुरु |
15 मई, 2021 | KKR vs PK | 7:30 शाम | बेंगलुरु |
18 मई, 2021 | KKR vs RR | 7:30 शाम | बेंगलुरु |
21 मई, 2021 | KKR vs SRH | 3:30 दोपहर | बेंगलुरु |